प्रयागराज में सभी बूथों पर मनाया जाएगा डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस

 


प्रयागराज, 22 जून (हि.स)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रयागराज महानगर के सभी 15 मंडलों के समस्त बूथों पर मंगलवार 23 जून को डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस मनाया जाएगा।

महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने सोमवार को बताया कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने एक विचारधारा के लिए अपना पूरा जीवन लगा दिया। ऐसे महापुरुष के प्रति हम सभी को कृतज्ञ होना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आवाहन किया है कि वे कार्यक्रम को सफल बनाएं।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी विवेक मिश्रा ने बताया कि समस्त बूथों पर डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि कार्यक्रम किया जाएगा। डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी अपने संकल्प को पूरा करने के लिये 1953 में बिना परमिट लिये जम्मू कश्मीर की यात्रा पर निकल पड़े थे। वहां पहुंचते ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। 23 जून 1953 को जेल में रहस्यमय परिस्थितियों में उनकी मृत्यु हो गयी थी। कश्मीर को लेकर उन्होंने ‘एक देश नहीं चलेगा एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान” का नारा दिया था। भाजपा इस दिन को डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस के रूप में मनाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र