आरबीआई के राजभाषा पुरस्कार से सम्मानित हुए डॉ. केशव प्रसाद सरस
कानपुर, 26 मई (हि.स.)। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा मेरी पुस्तक ‘कृषि वित्त एवं सहकारिता’ को राजभाषा पुरस्कार से सम्मानित किया जाना हिंदी भाषा और कृषि वित्त विषय पर किए गए कार्यों का सम्मान है। यह बातें मंगलवार को चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के पूर्व सह प्राध्यापक डॉ. केशव प्रसाद सरस ने कहीं।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी (सीएसए) विश्वविद्यालय के कृषि अर्थशास्त्र विभाग के पूर्व सह प्राध्यापक डॉ. केशव प्रसाद “सरस” को कोलाबा, मुंबई में आयोजित कार्यक्रम में भारतीय रिजर्व बैंक के राजभाषा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान आर्थिक, बैंकिंग और वित्तीय विषयों पर हिंदी में लिखित उनकी मौलिक पुस्तक “कृषि वित्त एवं सहकारिता” के लिए प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक एन. सारा राजेंद्र कुमार की उपस्थिति में डिप्टी गवर्नर रवि शंकर की ओर से प्रशस्तिपत्र उनके प्रतिनिधि कार्यपालक निदेशक अजय कुमार द्वारा प्रदान किया गया।
डॉ. केशव प्रसाद “सरस” को इससे पूर्व तुलसी नामित पुरस्कार और वीरांगना रानी अवंती बाई विशिष्ट सम्मान सहित कई पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. खलील खान ने बताया कि कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने डॉ. केशव प्रसाद “सरस” को सम्मानित होने पर शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप