डॉ. दिवाकर मिश्र उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान के सदस्य मनोनीत

 


कानपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। 41 वर्षों की शिक्षण सेवा और हिंदी भाषा के प्रति समर्पण का सम्मान मिलना गौरव की बात है। डॉ. दिवाकर मिश्र का उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान का सदस्य मनोनीत होना कानपुर के शैक्षिक और साहित्यिक जगत के लिए उपलब्धि है। यह बातें भाजपा कानपुर उत्तर के जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने शुक्रवार को डॉ. मिश्र के मनोनयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहीं।

चुन्नीगंज स्थित बीएनएसडी कॉलेज में प्रवक्ता के पद पर कार्यरत डॉ. दिवाकर मिश्र को उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान का सदस्य बनाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में संचालित संस्थान में उन्हें शिक्षा, साहित्य और हिंदी भाषा के क्षेत्र में लंबे अनुभव तथा योगदान को देखते हुए यह जिम्मेदारी दी गई है।

डॉ. मिश्र पिछले 41 वर्षों से शिक्षण कार्य में जुटे हैं। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के शैक्षिक विकास और उनके भविष्य निर्माण में योगदान दिया है। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें राष्ट्रपति और राज्यपाल की ओर से श्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।

अनुराग शर्मा ने कहा कि डॉ. मिश्र के अनुभव और मार्गदर्शन से हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार तथा साहित्य के संवर्धन को मजबूती मिलेगी। साथ ही नई पीढ़ी में हिंदी के प्रति रुचि बढ़ाने के प्रयासों को भी दिशा मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान की स्थापना 30 दिसंबर 1976 को हुई थी। इसका मुख्यालय लखनऊ में है। संस्थान हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार, संरक्षण, संवर्धन और विकास के लिए कार्य करता है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप