सामाजिक न्याय के इतिहास में डॉ. भीमराव आंबेडकर का योगदान प्रेरणादायक : भूपेंद्र सिंह

 


देवरिया, 14 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह ने डाॅ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत के संविधान और सामाजिक न्याय के इतिहास में डॉ. भीमराव आंबेडकर का योगदान प्रेरणादायक है।

भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने मेहड़ा पुरवा स्थित डाॅ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के उपरांत कहा कि डाॅ. आंबेडकर ने न केवल संविधान निर्माण की प्रक्रिया का नेतृत्व किया, बल्कि समाज में समानता, शिक्षा और अधिकारों की नई चेतना भी जगाई। हर साल 14 अप्रैल को उनकी जयंती मनाई जाती है। यह दिन उन्हें सम्मान देने और उनके विचारों को समझने का है। उनका जीवन सिखाता है कि कठिन परिस्थितियों में भी ज्ञान से बदलाव लाया जा सकता है।

इसी क्रम में देवरिया नगर के महाराणा प्रताप शक्ति केंद्र रामगुलाम टोला में भाजपा नगर अध्यक्ष रमेश वर्मा की अध्यक्षता में बाबा साहब की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर के विधायक शलभ मणि त्रिपाठी रहे। विशिष्ट तिथि नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह, जिला उपाध्यक्ष अजय कुमार दुबे एवं वरिष्ठ नेता प्रेम अग्रवाल रहे।

डाॅ. शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर का जीवन हमें संघर्ष, शिक्षा और समानता का संदेश देता है। उन्होंने अपने जीवन में अनेक कठिनाइयों का सामना किया लेकिन कभी हार नहीं मानी। समाज के हर वर्ग के अधिकारों के लिए लड़ते रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक