बाबा साहब का संविधान हर नागरिक को स्वतंत्रता और समान अवसर देता है : अभिलाषा गुप्ता नंदी
प्रयागराज, 13 अप्रैल (हि.स.)। बाबा साहब ने ऐसा संविधान रचा, जिसने हर नागरिक को विचार, धर्म और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता दी। आज विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ते समय उनके विचार और भी प्रासंगिक हो जाते हैं।” यह बात सोमवार को प्रयागराज की पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने कही।
वह शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के इंदलपुर महेवा स्थित अंबेडकर बस्ती में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर भारतीय जनता पार्टी नैनी मंडल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में संबोधित कर रही थीं। इस दौरान उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बाबा साहब की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
पूर्व महापौर ने कहा कि हमें इस अवसर पर यह संकल्प लेना चाहिए कि हम सामाजिक समरसता, न्याय और समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे। यही बाबा साहब को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल