अखिलेश यादव पर डॉ. अरविंद राजभर का तंज, बोले- दूसरों को नसीहत देने से पहले सपा अपने घर में झांके

 


जौनपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) की ओर से मंगलवार को नगर के एक कॉलेज परिसर में कार्यकर्ता बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव एवं पूर्व राज्यमंत्री डॉ. अरविंद राजभर ने सामाजिक न्याय, आरक्षण, शिक्षा और राजनीतिक मुद्दों पर पार्टी की भूमिका रखी।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. अरविंद राजभर ने कहा कि सपा में परिवारवाद की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। जिस शिवपाल यादव ने नेताजी मुलायम सिंह यादव के साथ मिलकर पार्टी को खड़ा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, यदि उन्हें भी पार्टी कार्यालय में प्रवेश के लिए अनुमति का इंतजार करना पड़े तो यह सपा की आंतरिक व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है।

उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को दूसरों को नसीहत देने से पहले अपनी पार्टी की व्यवस्था और वरिष्ठ नेताओं के सम्मान पर ध्यान देना चाहिए। राजनीति में व्यक्तिगत टिप्पणी के बजाय जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए।

डॉ. अरविंद राजभर ने सामाजिक न्याय और आरक्षण व्यवस्था को लेकर कहा कि देश स्तर पर व्यापक सर्वेक्षण कराया जाना चाहिए। सामाजिक और आर्थिक वास्तविकताओं का अध्ययन करने के बाद आरक्षण व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर विचार होना चाहिए। उन्होंने पिछड़े वर्गों के भीतर आरक्षण का लाभ नहीं पा रहे वर्गों की हिस्सेदारी सुनिश्चित करने के लिए रोहिणी आयोग की रिपोर्ट लागू करने की वकालत की।

उन्होंने कहा कि शिक्षा सामाजिक परिवर्तन का सबसे बड़ा माध्यम है। प्राथमिक विद्यालय स्तर से ही बच्चों को संविधान, लोकतंत्र, समानता और अधिकारों की जानकारी दी जानी चाहिए। बेटियों की शिक्षा निःशुल्क करने की भी उन्होंने मांग की।राष्ट्रीय महासचिव डॉ. जेपी सिंह ने कहा कि सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर संविधान को मानते हुए सर्वसमाज को जोड़ने की बात करते हैं। गरीबों के लिए निःशुल्क शिक्षा और चिकित्सा की व्यवस्था लागू होनी चाहिए।

बैठक में राष्ट्रीय महासचिव महिला मोर्चा शशिलाल राजभर, प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश राजभर, हाजी निहाल अंसारी, प्रदेश महासचिव अरविंद सिंह, हरीलाल, बृजभान, शनि वर्मा, इरशाद अंसारी, विकास राजभर, मंगल राजभर आदि ने विचार रखे। संचालन जिलाध्यक्ष चंदन राजभर ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव