डॉ. आंबेडकर के विचार आज के भारत के लिए मार्गदर्शक : डॉ जयपाल सिंह व्यस्त
मुरादाबाद, 16 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद महानगर के तत्वावधान में संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ भीमराव आंबेडकर सम्मान अभियान के तहत 28 मुरादाबाद नगर विधानसभा की विधानसभा गोष्ठी बुद्धि विहार स्थित भाजपा कार्यालय पर गुरुवार शाम को हुई। मुख्य वक्ता/मुख्य अतिथि के रूप में विधान परिषद सदस्य डॉ जयपाल सिंह व्यस्त ने डॉ. आंबेडकर के विचारों को आज के भारत के लिए मार्गदर्शक बताया।
डॉ जयपाल सिंह व्यस्त ने कहा कि विकसित भारत के लिए समावेशी विकास जरूरी है। समाज को डाॅ. आंबेडकर के आदर्शों पर समानता, समरसता और संवैधानिक मूल्यों के आधार पर आगे बढ़ाना होगा।
डॉ. आंबेडकर केवल भारतीय संविधान के शिल्पकार ही नहीं थे, बल्कि वे एक महान समाज सुधारक, अर्थशास्त्री और मानवाधिकारों के सच्चे प्रहरी भी थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज में व्याप्त असमानता, छुआछूत और अन्याय के खिलाफ संघर्ष करते हुए बिताया।
संगोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए कार्यक्रम संयोजक व भाजपा महानगर उपाध्यक्ष हेमराज सैनी ने कहा कि भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर का जीवन हमें यह सिखाता है कि शिक्षा ही वह शक्तिशाली माध्यम है, जिससे हम अपने अधिकारों की रक्षा कर सकते हैं और समाज में परिवर्तन ला सकते हैं। संगोष्ठी का संचालन महानगर उपाध्यक्ष कपिल देव ने किया।
इस अवसर पर संगोष्ठी सहसंयोजक अभिषेक चौबे व दीपक चौधरी, महानगर महामंत्री विशाल त्यागी, महानगर उपाध्यक्ष कपिल देव, दिनेश सिसौदिया, निमित जायसवाल, किशनलाल जाटव, अश्विनी शर्मा, हरिओम सैनी, अशोक सैनी, दीक्षांत चौधरी, हेमा खत्री, मुकेश भारद्वाज, राजेश सूर्या, अमित सिंह मिंटू, मंगलसेन राजपूत, कमला वर्मा, द्रोपा देवी, पूर्णिमा खन्ना, विजयपाल सैनी, डा गौरव श्रीवास्तव, सुजात अली, विशाल गोलू, गेत्रपाल सिंह आदि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल