डॉ. अम्बेडकर संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि आधुनिक भारत के महान चिंतक : बिश्व नाथ
लखनऊ, 07 मई (हि.स.)। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में गुरूवार को डॉ. अम्बेडकर उत्कृष्टता केंद्र एवं सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में 'डॉ. अम्बेडकर का सामाजिक न्याय का दृष्टिकोण : शब्दों से परे समानता विषय पर संगोष्ठी एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डीन ऑफ अकेडमिक अफेयर्स प्रो.एस. विक्टर बाबू ने की। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश शेड्यूल कास्ट फाइनेंस एंड डेवलपमेंट, कार्पोरेशन लिमिटेड के वाइस चेयरमैन बिश्व नाथ उपस्थित रहे।
प्रो. एस. विक्टर बाबू ने कहा कि बाबासाहेब का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का अद्वितीय स्रोत है। उनके संघर्ष, दृढ़ संकल्प और दूरदर्शी सोच से यह सीख मिलती है कि यदि व्यक्ति के पास स्पष्ट लक्ष्य और कुछ कर गुजरने का जज़्बा हो, तो वह किसी भी कठिनाई को पार करते हुए अपने उद्देश्य को प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन, आत्मविश्वास और अटूट इच्छाशक्ति ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं।
बिश्व नाथ ने कहा कि डॉ. अम्बेडकर केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि आधुनिक भारत के ऐसे महान चिंतक थे जिन्होंने अपने ज्ञान, संघर्ष और दूरदर्शिता से पूरे विश्व में भारत का गौरव बढ़ाया। उनका व्यक्तित्व इतना प्रभावशाली था कि देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी उन्हें अत्यंत सम्मान और आदर की दृष्टि से देखा गया। उन्होंने कहा कि बाबासाहेब ने भारतीय संविधान के माध्यम से देश को लोकतांत्रिक मूल्यों, समान अधिकारों और सामाजिक न्याय की ऐसी दिशा दी, जो आज भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है। श्री नाथ ने बताया कि बाबासाहेब ने समाज के हर वर्ग, विशेषकर महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण प्रयास किए। वे महिलाओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और समान अवसर दिलाने के पक्षधर थे।
इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. एम. रवि कुमार ने कहा कि बाबासाहेब आधुनिक भारत के वास्तविक निर्माताओं में से एक थे, जिन्होंने अपने विचारों, संघर्ष और दूरदर्शिता से राष्ट्र को नई दिशा प्रदान की। उन्होंने भारतीय संविधान के माध्यम से देश को लोकतंत्र, समानता और सामाजिक न्याय की मजबूत आधारशिला दी।
इस अवसर पर “डॉ. अम्बेडकर का सामाजिक न्याय का दृष्टिकोण : शब्दों से परे समानता” विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करते हुए अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। इस प्रतियोगिता में रितिका ने प्रथम, वैभव प्रकाश ने द्वितीय तथा देवेश कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जिन्हें मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्द्र पाण्डेय