डाउनलाइन टनल में ट्रैक निर्माण पूरा, नौबस्ता तक मेट्रो संचालन का रास्ता साफ : सुशील कुमार

 


कानपुर, 31 मार्च (हि.स.)। कानपुर सेंट्रल से स्वदेशी कॉटन मिल रैम्प के बीच डाउनलाइन टनल में ट्रैक निर्माण कार्य पूरा होना एक बड़ी उपलब्धि है। इसके साथ ही कॉरिडोर-1 का पूरा ट्रैक अब तैयार हो गया है और जल्द ही डाउनलाइन पर भी टेस्ट रन शुरू किया जाएगा। यह बातें मंगलवार को उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कही।

कानपुर मेट्रो परियोजना के कॉरिडोर-1 (आईआईटी से नौबस्ता) के शेष सेक्शन में लगभग तीन किलोमीटर लम्बे अंडरग्राउंड हिस्से में डाउनलाइन टनल का ट्रैक निर्माण मंगलवार को पूरा कर लिया गया। इसके साथ ही कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक अप और डाउन दोनों लाइनों पर ट्रैक पूरी तरह तैयार हो चुका है, जिससे भविष्य में यात्री सेवाओं के विस्तार का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

अधिकारियों के अनुसार, इस सेक्शन में पहले ही एलिवेटेड हिस्से (बारादेवी से नौबस्ता) में ट्रैक निर्माण कार्य अक्टूबर 2025 में पूरा किया जा चुका था। इसके बाद अंडरग्राउंड टनल के अपलाइन पर कार्य पूरा हुआ और अब डाउनलाइन पर भी निर्माण समाप्त कर लिया गया है। ट्रैक निर्माण के दौरान स्वदेशी कॉटन मिल के पास स्थित रैम्प से मशीनरी को टनल में उतारकर रेल पटरियों की वेल्डिंग और ट्रैक स्लैब की ढलाई की गई।

इसके साथ ही टनल में थर्ड रेल, सिग्नलिंग, टेलीकॉम और इलेक्ट्रिकल सिस्टम्स के इंस्टॉलेशन का कार्य भी अंतिम चरण में पहुंच चुका है। अधिकारियों का कहना है कि इन कार्यों के पूरा होते ही अगले कुछ दिनों में डाउनलाइन पर भी मेट्रो ट्रेन का टेस्ट रन शुरू कर दिया जाएगा।

गौरतलब है कि, करीब 24 किलोमीटर लम्बे कॉरिडोर-1 में फिलहाल आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक लगभग 16 किलोमीटर हिस्से में मेट्रो सेवाएं संचालित हैं, जबकि शेष सेक्शन पर कार्य तेजी से जारी है। यह प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद शहर की यातायात व्यवस्था को बड़ा लाभ मिलेगा और नौबस्ता तक कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप