मुरादाबाद में नहीं किया जाएगा डबल डेकर एसी ई-बसों का संचालन
--महानगर के अंदर तक डबल डेकर एसी ई-बसें नहीं आ सकती
मुरादाबाद, 05 मार्च (हि.स.)। रास्ते खराब व जगह-जगह बिजली के तार लटके होने से मुरादाबाद में डबल डेकर एसी ई-बसों का संचालन नहीं किया जाएगा। परिवहन निगम के अधिकारियों ने बताया कि महानगर के अंदर तक डबल डेकर एसी ई-बसें नहीं आ सकती हैं। इसकी वजह से डबल डेकर बसों का संचालन करना संभव नहीं है।
कटघर स्थित वर्कशाप में चार डबल डेकर एसी ई-बसें करीब एक महीने से खड़ी हैं। इन बसों का अभी तक संचालन नहीं किया गया है। बसों पर धूल मिट्टी जमी हुई है। परिवहन विभाग की ओर से इन बसों को बरेली रूट पर संचालित करने के लिए तैयारियां की जा रहीं थीं लेकिन इनका संचालन नहीं किया जा सका है।
मुरादाबाद डिपो के फोरमैन गजेंद्र सिंह ने गुरुवार को बताया कि डबल डेकर एसी ई-बसों को बरेली रूट पर चलाया जा सकता है लेकिन बसें बरेली शहर में नहीं जा सकेंगी। सड़कें सही नहीं है और रास्ते में बिजली के तार भी लटके हुए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल