स्वाइन फ्लू से घबराएं नहीं, जागरूकता से थमेगा संक्रमण का खतरा: डीएम

 




लखीमपुर खीरी, 08 सितंबर (हि.स.)। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के तत्वावधान में H1N1 एवं इन्फ्लुएंजा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और आमजन को संक्रमण से बचाव के प्रति सजग करने के उद्देश्य से एक विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे डीएम अंजनी कुमार सिंह ने प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. वाणी गुप्ता, सीएमएस डॉ. आरके कोली और आईएमए पदाधिकारियों डॉ. अखिलेश वर्मा, डॉ. मनोज शर्मा व डॉ. पवन वर्मा के साथ दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि बीमारियों से बचाव के लिए जन-जन का जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। स्वाइन फ्लू जैसी बीमारियों को रोकने के लिए यदि प्रत्येक नागरिक सतर्क हो जाए, तो प्रशासन का काम आसान हो जाता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को संवेदनशील बनाने पर जोर दिया ताकि गांव-गांव तक सही जानकारी पहुंच सके। साथ ही, नर्सिंग प्रशिक्षणार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि आज अर्जित किया गया अनुभव उनके करियर में लाभप्रद सिद्ध होगा।

मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. वाणी गुप्ता ने बताया कि जिला अस्पताल में फीवर ओपीडी संचालित है, जहां पिछले एक सप्ताह में एक हजार से अधिक मरीज पहुंचे हैं। प्रतिदिन 20 से 40 मरीज बुखार के आ रहे हैं जो उपचार के बाद स्वस्थ हो रहे हैं। अस्पताल में पर्याप्त दवाएं और चिकित्सकीय टीम उपलब्ध है। उन्होंने भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर मास्क लगाने की अपील की। कार्यक्रम के आरंभ में आईएमए सचिव डॉ. मनोज शर्मा ने इसकी प्रासंगिकता बताई।

कार्यशाला में वरिष्ठ चिकित्सकों ने स्वाइन फ्लू की रोकथाम और उपचार पर अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान डॉ. आरसी पांडे, डॉ. संजीव भल्ला, डॉ. एनके वर्मा, डॉ. कमलेन्द्र वर्मा, डॉ. पीसी मिश्रा, डॉ. शिप्रा मिश्रा, डॉ. अंशुल गुप्ता, डॉ. एसपी वर्मा, डॉ. महेंद्र कुमार, डॉ. एसके मिश्रा और डॉ. जयराम उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रभाकर श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम में आईएमए अध्यक्ष डॉ. अखिलेश वर्मा, संरक्षक अखिलेश खरे, सचिव डॉ. मनोज शर्मा, कोषाध्यक्ष डॉ. पवन वर्मा, प्राचार्य डॉ. वाणी गुप्ता सहित विभिन्न चिकित्सक और नर्सिंग प्रशिक्षणार्थी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव