मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने महिला के पेट से निकाली 20 किलो की गाँठ
उरई, 02 अप्रैल (हि.स.)। राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई के जनरल सर्जरी विभाग ने गुरुवार को एक सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया है। डॉ. अरविंद त्रिवेदी (प्राचार्य) के नेतृत्व में सर्जनों की टीम ने एक महिला मरीज के पेट से लगभग 20 किलोग्राम के वजन के ट्यूमर को ऑपरेशन के जरिए निकाला।
मरीज बेबी पत्नी रामदयाल चौहान, निवासी ग्राम मकरदापुर, जिला-कानपुर देहात पिछले लगभग दो वर्षों से पेट के निचले हिस्से में गाँठ की समस्या से पीड़ित थी, जो धीरे-धीरे बढ़ते हुए पूरे पेट में फैल गई थी। इस दौरान मरीज ने कानपुर, कानपुर देहात और उरई के कई प्राइवेट अस्पतालों में अपना इलाज कराया, लेकिन गाँठ के अत्यधिक बड़े आकार के कारण सभी जगह से उसे ऑपरेशन से मना कर दिया गया। इतना बड़ा ट्यूमर होना अपने आप में अत्यंत दुर्लभ माना जाता है। मरीज सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. निशांत सक्सेना की OPD में दिखाने आई। जांच के बाद उसे तुरंत भर्ती कर लिया गया। मरीज गंभीर रूप से खून की कमी से भी पीड़ित थी। ऑपरेशन से पहले मरीज को 4 यूनिट और ऑपरेशन के दौरान 2 यूनिट रक्त चढ़ाया गया।
चिकित्सकों ने बताया कि इतनी बड़ी गाँठ आसपास के अंगों से चिपकी हो सकती थी, लेकिन पूरी टीम की सतर्कता और कुशलता से यह सर्जरी सफल रही। इस ऐतिहासिक सर्जरी में डॉ. निशांत सक्सेना (विभागाध्यक्ष, सर्जरी) के नेतृत्व में, डॉ. आदर्श डांडे, डॉ. नीरज राजपूत, डॉ. रेनू, डॉ. अनिल, डॉ. अरुण चौधरी मनीषा एवं अन्य कर्मचारी शामिल रहे। फिलहाल ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत में सुधार है। मरीज पूर्ण रूप से स्वस्थ है। अस्पताल प्रशासन ने इस सफलता पर पूरी चिकित्सकीय टीम को बधाई दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा