मेडिकल कॉलेज देवरिया के चिकित्सकों ने ट्यूमर का सफल ऑपरेशन कर बनाया कीर्तिमान

 


देवरिया, 07 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में महार्षि देवराहा बाबा स्वायत्त राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के चिकित्सकों ने गुरुवार को एक जटिल शल्य चिकित्सा को सफलतापूर्वक अंजाम देकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मेडिकल कॉलेज में पैरोटिड ग्रंथि के सौम्य (बेनाइन) ट्यूमर का सफल ऑपरेशन किया गया। मरीज गोरखपुर से रेफर होकर यहां पहुंचा था, जिसकी स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों की टीम ने चुनौतीपूर्ण सर्जरी करने का निर्णय लिया।

कॉलेज की प्रवक्ता डॉ. रजनी ने बताया कि इस जटिल ऑपरेशन को सर्जरी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. रजनीश एवं डॉ. उर्वशी ने सफलतापूर्वक संपन्न किया। चिकित्सकों की कुशलता और अनुभव के चलते ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा। मरीज की स्थिति अब सामान्य है। सर्जरी के दौरान एनेस्थीसिया विभाग की टीम ने भी अहम भूमिका निभाई। विभागाध्यक्ष डॉ. धीरज, सहायक प्रोफेसर डॉ. प्रशांत तथा एसआर डॉ. अंकिता ने मरीज की निगरानी और उपचार में उत्कृष्ट सहयोग प्रदान किया।

इस उपलब्धि पर संस्थान की प्राचार्य डॉ. रजनी एवं सीएमएस डॉ. एच.के. मिश्रा ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज लगातार बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह सफलता टीम वर्क, समर्पण और उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाओं का परिणाम है। सफल ऑपरेशन के बाद मरीज और उसके परिजनों ने चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक