वृक्षारोपण के साथ संरक्षण जरूरी, लापरवाही पर डीएम नाराज
बागपत, 08 सितंबर (हि.स.)। बागपत कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी अस्मिता लाल की अध्यक्षता में जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पिछले वर्ष कराए गए वृक्षारोपण की जियो-टैगिंग और जियो-ट्रैकिंग की विभागवार समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान उच्च शिक्षा, नगर विकास, ग्राम विकास, ऊर्जा, जल शक्ति और आवास विकास विभागों की प्रगति संतोषजनक न मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई।
बैठक में जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने संबंधित अधिकारियों को तीन दिन के भीतर शत-प्रतिशत जियो-टैगिंग पूरी करने के सख्त निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं, उनकी सुरक्षा, नियमित सिंचाई और देखभाल सुनिश्चित करना भी उतना ही जरूरी है। इसके लिए जिम्मेदारी तय करते हुए प्रभावी व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद जिला गंगा समिति की बैठक में यमुना और कृष्णा नदियों के संरक्षण व स्वच्छता कार्यों की समीक्षा हुई। डीएम ने सभी विभागों को समन्वित कार्ययोजना के तहत काम करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक “स्वच्छता ही सेवा” अभियान चलाया जाएगा, जिसमें जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, वन विभाग की भूमि से अतिक्रमण हटाने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में डीएफओ विनोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी