गंगा संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समयसीमा में पूरा कराएं परियोजनाएं : जिलाधिकारी
कानपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। गंगा संरक्षण, नाला टैपिंग और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) निर्माण से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर निर्धारित समयसीमा में कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराएं। यह निर्देश शुक्रवार को जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने दिए।
सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में आज जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की समीक्षा बैठक में गंगा की स्वच्छता, नालों के अवरोधन और डायवर्जन, एसटीपी निर्माण, वृक्षारोपण तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने 14 नालों के अवरोधन एवं डायवर्जन और एसटीपी निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए इन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंगा की निर्मलता बनाए रखने के लिए सीवेज प्रबंधन से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करना जरूरी है।
सीटीआई नहर पर सीढ़ियों, घाट और स्टील जाली का निर्माण शुरू नहीं होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को तत्काल निर्माण कार्य शुरू कराने और प्रतिदिन उसकी प्रगति की निगरानी करने के निर्देश दिए।
ग्रामीण क्षेत्रों में नालों के प्रबंधन और वेटलैंड निर्माण की समीक्षा के दौरान पंचायती राज विभाग को निर्धारित मानकों के अनुसार काम कराने को कहा गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इन परियोजनाओं में गुणवत्ता के साथ पर्यावरण संरक्षण के मानकों का भी पालन किया जाए।
वृक्षारोपण की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित विभागों को पौधरोपण स्थलों की जियो-टैगिंग और तीसरे पक्ष से सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाने तक कार्य सीमित न रहे, बल्कि रोपित पौधों की वास्तविक स्थिति और उनके संरक्षण की प्रगति का भी सत्यापन कराया जाए।
जाजमऊ स्थित 130 एमएलडी क्षमता वाले एसटीपी परिसर में जमा स्लज के निस्तारण की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पर्यावरणीय प्रोटोकॉल और निर्धारित मानकों के अनुरूप स्लज का सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित कराने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उपजिलाधिकारी सदर अनुभव सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी आकांक्षा जैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप