कांवड़ बेडों के आवागमन के लिए रात में निरीक्षण पर निकले डीएम-एसएसपी
मुरादाबाद, 08 अगस्त (हि.स.)। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने शनिवार रात्रि में तहसील कांठ क्षेत्र में कैच की पुलिया पर स्थापित स्वास्थ्य शिविर का औचक निरीक्षण किया। कांवड़ यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सीय सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य शिविर में माैजूद मेडिकल टीमें कांवड़ यात्रियों का उपचार करते पाए गए।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्यकर्मियों से शिविर में उपलब्ध दवाओं, चिकित्सीय सुविधाओं एवं कांवड़ यात्रियों को प्रदान की जा रही सेवाओं के संबंध में जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। दाेनाें अफसराें ने शिविर में उपचार करा रहे कांवड़ यात्रियों से भी संवाद कर कांवड़ मार्ग पर प्रशासन एवं पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। एक कांवड़ यात्री ने बताया कि वह मूल रूप से सम्भल का रहने वाला है और हरिद्वार से कांवड़ लेकर आ रहा है। उसने स्वास्थ्य शिविर में मेडिकल टीम द्वारा उपलब्ध कराए गए उपचार एवं सुविधाओं के प्रति संतोष व्यक्त किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि पुलिस टीमें निरंतर सक्रिय एवं सतर्क रहें। कांवड़ यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। इस दौरान एसडीएम ठाकुरद्वारा स्निग्धा चतुर्वेदी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल