यूक्रेन हमले में मृत नाविक अभिषेक निषाद के परिजनों से मिले जिलाधिकारी-एसपी, हरसंभव सहायता का दिया भरोसा
देवरिया, 23 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह के समीप हुए हमले में जान गंवाने वाले देवरिया जिले के ग्राम करमेल निवासी भारतीय नाविक अभिषेक निषाद के परिवार से गुरुवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने मुलाकात की। अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने अभिषेक निषाद के पिता कौशल निषाद तथा अन्य परिजनों से मिलकर घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पूरे जिले के लिए अत्यंत दुखद घटना है और इस कठिन समय में जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ परिवार के साथ खड़ा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि शासन एवं भारत सरकार के संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। परिवार को सभी पात्र सरकारी सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन आवश्यक कदम उठा रहा है। उन्होंने कहा कि परिजनों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और प्रशासन हर स्तर पर उनका सहयोग करेगा।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने भी परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि जिला प्रशासन परिवार की हर आवश्यकता पर गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ ध्यान दे रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी जरूरी औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।
अधिकारियों ने परिवार को धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन लगातार उनके संपर्क में रहेगा और आवश्यकतानुसार हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक