मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

 




देवरिया, 20 मई (हि.स.)। आगामी 22 मई को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित जनपद आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। बुधवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने भीमपुर गौरा के समीप पोखरभिंडा क्षेत्र में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने हेलीपैड निर्माण, पार्किंग व्यवस्था, मंच, टेंट, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी तैयारियां समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी की जाएं। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा।

पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह मजबूत एवं व्यवस्थित रहनी चाहिए।

निरीक्षण के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित कर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता के साथ निर्वहन करें तथा तैयारियों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी वीके सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राम शंकर समेत प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक