उफनाई गंगा नदी से जलमग्न हुए गांवों का डीएम ,एसपी ने लिया जायजा
फर्रुखाबाद,08 अगस्त (हि. स)। जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर ने नरौरा बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को दृष्टिगत रखते हुए कायमगंज तहसील के विकासखण्ड शमसाबाद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति एवं राहत-बचाव व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र अजीजाबाद का निरीक्षण किया तथा मौके पर मौजूद ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो तथा आवश्यकतानुसार तत्काल राहत सामग्री, खाद्यान्न, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य, शरणालयों की व्यवस्था, खाद्यान्न, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं तथा पशुओं की सुरक्षा के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ निरंतर कार्यरत रहें।
जिला प्रशासन का यह प्रयास है कि किसी भी नागरिक को कठिनाई का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी ने संबंधित खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि ग्राम में नियमित रूप से कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराएं, इसके साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं पशु चिकित्सा अधिकारी प्रत्येक 03 दिवस की अवधि के अंतराल में शिविर आयोजित कराएं, जिससे आपदा पीड़ित व्यक्ति एवं उनके पशुओं को चिकित्सा उपचार का लाभ प्राप्त हो सके एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिक्षकों के माध्यम से इस गांव के बच्चों का अध्ययन कार्य पूर्ण कराएं। बाढ़ प्रभावित गांवों में हर संभव प्रशासनिक सहायता हेतु निरंतर ग्राम प्रधानों के संपर्क में रहें। मौके पर जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित 50 परिवारों को राहत सामग्री किट भी वितरित की।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने शमसाबाद मंडी में संचालित शरणालय स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने शरणालय में आने वाले बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए भोजन, पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता, शौचालय, चिकित्सा सुविधा एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शरणालय में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा प्रभावित लोगों को समय से भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता एवं सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गंगा नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा बाढ़ की स्थिति में किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने नावों, नाविकों, राहत एवं बचाव उपकरणों तथा स्वास्थ्य विभाग की टीमों की उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी ली।
इसके बाद जिलाधिकारी ने ढाई घाट, शमसाबाद पहुंचकर गंगा नदी के जलस्तर एवं आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए और ग्रामीणों को जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्यवाही तत्काल सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ की स्थिति पर प्रशासन की पैनी नजर है। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि बाढ़ की स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा जलभराव एवं तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह, उप जिला अधिकारी कायमगंज, खंड विकास अधिकारी शमशाबाद सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar