डीएम सत्य प्रकाश पटेल ने श्री दाऊजी महाराज मंदिर में की पूजा-अर्चना, मेले की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
हाथरस, 23 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हाथरस जनपद के नवागत जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने बुधवार को प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक श्री दाऊजी महाराज मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने श्री दाऊजी महाराज से जनपद की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की। मंदिर के पुजारी ने जिलाधिकारी को मंदिर के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के साथ-साथ यहां की परंपराओं और मान्यताओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने मंदिर की ऐतिहासिक विरासत और धार्मिक महत्व को समझते हुए मंदिर से जुड़ी विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं। पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने श्री दाऊजी महाराज मेला परिसर का भ्रमण कर श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
डीएम ने मेला परिसर में स्थापित मेला पंडाल का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक इंतजामों के संबंध में जानकारी ली। मौके पर मौजूद उप जिलाधिकारी सदर से उन्होंने मेला परिसर में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों, पुलिस बल की तैनाती तथा व्यवस्थाओं की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, प्रवेश-निकास व्यवस्था और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के साथ सभी व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले श्री दाऊजी महाराज मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करते हुए व्यवस्थाओं को प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाए रखें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना