टीबी उन्मूलन और टीकाकरण अभियान की समीक्षा, लापरवाही पर डीएम सख्त
कानपुर, 10 जुलाई (हि.स.)।
टीबी उन्मूलन और नियमित टीकाकरण अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी पात्र बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण और हाई-रिस्क क्षेत्रों में अधिक से अधिक टीबी स्क्रीनिंग सुनिश्चित की जाए। यह बातें शुक्रवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहीं।
सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जिला टीबी टास्क फोर्स कमेटी एवं सिटी हेल्थ एक्शन प्लान कमेटी की बैठक हुई। बैठक में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (टीबी) और नियमित टीकाकरण अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान मसवानपुर के डॉ. प्रीतम द्वारा सबसे कम टीबी स्क्रीनिंग किए जाने और संतोषजनक स्पष्टीकरण न देने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित चिकित्सक को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा कार्य में अपेक्षित सुधार होने तक वेतन रोकने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी एमओआईसी को हाई-रिस्क क्षेत्रों में विशेष टीबी जागरूकता अभियान चलाने और अधिक से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग कराने के निर्देश दिए। साथ ही टीबी टोल फ्री हेल्पलाइन 1800-11-6666 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा। उन्होंने टीबी मरीजों की नियमित निगरानी के लिए युवा मंगल दलों को सक्रिय करने तथा मरीजों को उपचार की पूरी अवधि तक नियमित दवा लेने के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया।
नियमित टीकाकरण अभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने आशा और एएनएम के माध्यम से शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद का कोई भी पात्र बच्चा टीकाकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए। प्रत्येक जोन के लिए एक जोनल अधिकारी नामित कर बुधवार और शनिवार को आयोजित टीकाकरण सत्रों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने 09 माह से 05 वर्ष तक के सभी बच्चों को एमआर (मीजल्स-रूबेला) वैक्सीन अनिवार्य रूप से लगाने, छूटे हुए बच्चों की ड्यू-लिस्ट तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर टीकाकरण कराने तथा खसरा या रूबेला के लक्षण दिखाई देने पर अभिभावकों को तत्काल बच्चे को स्वास्थ्य केंद्र ले जाने की सलाह दी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरि दत्त नेमी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुबोध प्रकाश, डॉ. एस.पी. यादव, जेसीआई संस्था से डॉ. विभोर कौशिक, हुडा ज़हरा तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप