मीरजापुर : सीएम डैशबोर्ड में 49 मदों ने बढ़ाया जिले का मान, सुस्त अफसरों को चेतावनी
- जीएसवाई में 80 प्रतिशत से कम प्रगति पर होगी प्रतिकूल प्रविष्टि
मीरजापुर, 18 सितंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड विकास, आकांक्षात्मक विकासखंड और फैमिली आईडी की समीक्षा की। सीएम डैशबोर्ड विकास में जिले को 49 मदों व योजनाओं में ए श्रेणी मिलने पर उन्होंने संतोष जताया, जबकि बी और सी श्रेणी वाले विभागों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सितंबर के शेष दिनों में सुधार लाने के निर्देश दिए और लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
जिलाधिकारी ने सैम और मैम बच्चों की ग्राम व ब्लॉकवार सूची तैयार कराने का निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी को दिया। सैम बच्चों के लिए नामित नोडल अधिकारियों को 10-10 बच्चों की जिम्मेदारी लेकर उनकी नियमित निगरानी करने को कहा। नई सड़कों के निर्माण में तकनीकी कमियां दूर कर लंबित कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में शेष लक्ष्य को अक्टूबर में शत-प्रतिशत पूरा कराने को कहा। जीएसवाई में खराब प्रगति पर नाराजगी जताते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी को प्रतिदिन समीक्षा के निर्देश दिए। कहा कि 25 सितंबर तक 80 प्रतिशत से कम प्रगति रहने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कक्षा 10 उत्तीर्ण कर कक्षा 11 में दाखिला न लेने वाले विद्यार्थियों की सूची तैयार कर 30 सितंबर तक शिक्षकों को घर-घर भेजकर अभिभावकों को प्रेरित करने के निर्देश दिए। आर्थिक कारणों से नामांकन में बाधा होने पर फीस की व्यवस्था कराने को कहा। उन्होंने स्वयं 10 और मुख्य विकास अधिकारी दो बच्चों का नामांकन कराने की बात कही। बैठक में सीडीओ विशाल कुमार समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा