डीएम ने की लोधेश्वर धाम में पूजा-अर्चना, कॉरिडोर कार्यों का लिया जायजा
बाराबंकी, 22 अप्रैल (हि.स.) । जनपद के नवागत जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने कार्यभार ग्रहण करने के दूसरे दिन बुधवार की शुरुआत तहसील रामनगर स्थित पौराणिक लोधेश्वर महादेव धाम में पूजा-अर्चना एवं दर्शन-पूजन के साथ की। उन्होंने भगवान लोधेश्वर महादेव से जनपद की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं विकास की कामना की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने लोधेश्वर कॉरिडोर से संबंधित निर्माणाधीन कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य गुणवत्ता एवं निर्धारित समयसीमा के अनुरूप पूर्ण कराए जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में पं. आदित्य तिवारी से लोधेश्वर धाम के धार्मिक महत्व तथा कॉरिडोर निर्माण से संबंधित बिंदुओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगमता एवं धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के दृष्टिगत विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि लोधेश्वर धाम जनपद की आस्था का प्रमुख केंद्र है तथा यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इस दौरान उपजिलाधिकारी रामनगर आनंद तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी