कजली महोत्सव में बुंदेली थीम पर आयोजित कार्यक्रम से लोगों की दी जाएगी ऐतिहासिक संस्कृति की जानकारी : जिलाधिकारी

 




महोबा, 30 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड के ऐतिहासिक कजली मेला के सफल आयोजन को लेकर महोबा जनपद मुख्यालय में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गुरुवार को महोबा संरक्षण एवं विकास समिति की बैठक संपन्न हुई। 29 अगस्त से 4 सितंबर तक एक सप्ताह तक मेला का भव्य आयोजन किया जाएगा।

डीएम ने जनपद की सांस्कृतिक विरासत एवं ऐतिहासिक तथा सांस्कृतिक पृष्ठभूमि को संरक्षित रखने तथा जनपद वासियों को इसके संबंध में पूर्ण जानकारी दिलाए जाने के उद्देश्य से परंपरागत कजरी महोत्सव का आयोजन कराए जाने के निर्देश दिए हैं।

जनपद मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में महोबा संरक्षण एवं विकास समिति की बैठक में डीएम गजल भारद्वाज ने कहा कि जिला आल्हा ऊदल की ऐतिहासिक कर्मभूमि है। यहां अनेकों ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर हैं जिनके बारे में लोगों को जानकारी दिलाए जाने के लिए कजली महोत्सव कार्यक्रम में प्रतिदिन किसी न किसी रूप से कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को इसके बारे में जानकारी देते हुए जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही कजरी महोत्सव में अन्य सांस्कृतिक दलों व विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के कार्यक्रम तथा अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन सुंदर तरीके से कराया जाएगा, जिससे कि लोगों को स्वच्छ एवं बेहतर मनोरंजन के साथ ही उनके ज्ञान में जनपद की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संबंध में वृद्धि हो सके।

इस दौरान डीएम ने समिति के सदस्यों एवं गणमान्य लोगों से कार्यक्रम के आयोजन के संबंध में सुझाव प्राप्त किए।

उन्होंने वाहन पार्किंग के लिए ठेका वसूली की व्यवस्था करने, रूट डाइवर्जन की तैयारी पहले से सुनिश्चित करने तथा विकास प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को शासन द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक करने के साथ ही वीरभूमि महोबा की धरोहरों के बारे में भी लोगों को बताए जाने के लिए निर्देशित किया है। इसके साथ ही दुकानें आवंटित करने के लिए ई-लॉटरी व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने शोभायात्रा की समस्त आवश्यक तैयारी, मेले में सीसीटीवी की व्यवस्था, बैरिकेडिंग एवं पार्किंग की व्यवस्था और विद्युत व्यवस्था दुरस्त करने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कजरी महोत्सव में बुंदेली थीम पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही स्टेशन रोड की मरम्मत कराए जाने के निर्देश लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को दिए और कीरत सागर में बैरिकेटिंग लगाए जाने तथा लाइट एवं साफ सफाई की समुचित व्यवस्था किए जाने हेतु अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका को निर्देश दिए हैं।

बैठक में सदर विधायक राकेश गोस्वामी ने भी कजली महोत्सव एवं मेला को सुचारू रूप से संपन्न करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ गत वर्ष की भांति इस वर्ष और बेहतर तरीके से मेले के आयोजन करने के संबंध में निर्देश दिए।

विधान परिषद सदस्य जितेन्द्र सिंह सेंगर ने कहा कि कजली मेला केवल महोबा ही नहीं बल्कि बुंदेलखंड का ऐतिहासिक गौरवशाली महापर्व है। उन्होंने मेले में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने का सुझाव दिया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने कहा कि यह महत्वपूर्ण मेला है। इसमें सुरक्षा के मानकों का पालन करने में सभी लोग सहयोग करें। झूले में सुरक्षा की व्यवस्था की जाएगी, नई परंपरा नहीं डाली जाएगी।

इस अवसर नगर पालिका अध्यक्ष डॉ संतोष चौरसिया सहित मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कुंवर पंकज, अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे सूर्यकान्त त्रिपाठी, समाजसेवी दाऊ तिवारी सहित कजली महोत्सव के आयोजन समिति के सदस्य तथा जिला स्तरीय अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी