बारिश से पहले अलर्ट, खुले मेनहोल, सड़क के गड्ढे और जर्जर बिजली तारों पर डीएम सख्त, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई
जौनपुर,29 जून (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित विभागों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित उद्योग बंधु एवं व्यापार बंधु की मासिक बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि बारिश से पहले खुले मेनहोल, सड़क के गड्ढे और जर्जर विद्युत तारों की समस्या का हर हाल में समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि किसी भी सड़क पर खुले मेनहोल या खतरनाक गड्ढे नहीं रहने चाहिए। यदि किसी स्थान पर खुदाई या निर्माण कार्य चल रहा हो तो वहां अनिवार्य रूप से बैरिकेडिंग की जाए तथा संबंधित विभाग का नाम और संपर्क नंबर भी प्रदर्शित किया जाए।बैठक में विद्युत विभाग को भी निर्देश दिए गए कि वर्षा शुरू होने से पहले सभी जर्जर बिजली के तार, खंभे और खुले विद्युत बॉक्स का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराई जाए, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि की आशंका न रहे।इसके अलावा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना और मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बैंकों को पात्र युवाओं को शीघ्र ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित आवेदनों के समयबद्ध निस्तारण, सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र की लो-वोल्टेज समस्या के समाधान तथा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान में अधिकाधिक वृक्षारोपण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव