जिलाधिकारी ने 50 बेड अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश
औरैया, 13 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने बुधवार को 50 बेड अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं की स्थिति और मरीजों को दी जा रही सेवाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ब्लड बैंक, इमरजेंसी वार्ड और दवा स्टॉक का विशेष रूप से निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से दवाओं की उपलब्धता, मरीजों के उपचार की प्रक्रिया तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने कहा कि अस्पताल की अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गई हैं, लेकिन कुछ कमियां भी सामने आई हैं। इन कमियों को तत्काल दूर करने के लिए उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटना में घायल होकर अस्पताल में भर्ती एक मरीज से मुलाकात कर उसका हालचाल जाना। बातचीत में मरीज द्वारा निजी वाहन से घर जाने की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी ने तुरंत उसके लिए एंबुलेंस की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए, ताकि उसे सुरक्षित घर पहुंचाया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार