खुले में कूड़ा दिखा तो तत्काल कराएं उठान, शहर को जीवीपी मुक्त बनाने पर जोर

 


कानपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर में हिदायत दी गई है कि खुले में कूड़ा किसी भी स्थिति में दिखाई नहीं देना चाहिए। सभी जीवीपी को समाप्त कर कूड़े का समयबद्ध उठान और निर्धारित पोर्टेबल ट्रांसफर स्टेशन व कॉम्पैक्टर अड्डों तक परिवहन सुनिश्चित किया जाए। यह निर्देश जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने देर रात संबंधित अधिकारियों को दिए।

जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, मुख्य विकास अधिकारी और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने शहर की सफाई व्यवस्था का संयुक्त निरीक्षण किया। रात करीब 11 बजे अधिकारियों ने जोन-4 और जोन-1 में वीआईपी रोड के आसपास प्रमुख मार्गों पर स्थित जीवीपी, पोर्टेबल ट्रांसफर स्टेशन (पीटीएस), कॉम्पैक्टर अड्डों और कूड़ा परिवहन व्यवस्था का जायजा लिया।

अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों से कूड़ा एकत्र करने, उठान और परिवहन की व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। बताया गया कि घनी आबादी वाले क्षेत्रों से हाथ ठेला और छोटी कूड़ा गाड़ियों के जरिये कूड़ा एकत्र कर पोर्टेबल ट्रांसफर स्टेशनों तक पहुंचाया जाता है। यहां कूड़े को कॉम्पैक्ट करने के बाद निर्धारित व्यवस्था के तहत आगे भेजा जाता है।

इसके बाद कचहरी के पास स्थित जीवीपी और उर्सला के निकट पोर्टेबल ट्रांसफर स्टेशन का निरीक्षण किया गया। द्वारकापुरी स्थित पोर्टेबल कॉम्पैक्टर अड्डे पर दो मशीनें स्थापित मिलीं। अधिकारियों ने कूड़े के संकलन, कॉम्पैक्शन और आगे परिवहन की प्रक्रिया की जानकारी ली। कंपनी बाग चौराहे के जीवीपी का भी निरीक्षण कर सफाई और कूड़ा उठान की स्थिति देखी गई।

जिलाधिकारी ने आगामी त्योहारों को देखते हुए प्रमुख मार्गों, चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में नियमित सफाई के साथ कूड़ा उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाए और जहां भी खुले में कूड़ा या सफाई संबंधी कमी मिले, वहां तत्काल कार्रवाई हो। सभी संबंधित विभागों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय से काम करते हुए शहर को स्वच्छ और खुले में कूड़ा मुक्त रखने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप