देवरिया जिलाधिकारी ने कस्तूरबा विद्यालय के औचक निरीक्षण किया
देवरिया, 10 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शुक्रवार को विकास खंड गौरीबाजार के पथरहट स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में साफ-सफाई, पठन-पाठन, छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, भोजन व्यवस्था तथा आवासीय व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण करते हुए अधिकारियों एवं विद्यालय स्टॉफ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि शासन से मिलने वाली सभी सुविधाएं समयबद्ध और सुगमता के साथ छात्राओं के लिए निर्धारित समय पर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने विद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ उन्हें कौशल विकास से जुड़ी गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से शामिल किया करें, ताकि उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
जिलाधिकारी ने वार्डन को विद्यालय परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्रावास, कक्षाओं और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए स्वच्छ वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। रसोईघर का निरीक्षण करते हुए डीएम ने छात्राओं के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि छात्राओं को पौष्टिक, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। भोजन तैयार करने में सभी मानकों का पालन हो।
उन्होंने छात्राओं के आवास, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की तथा कहा कि विद्यालय का वातावरण ऐसा हो, जहां छात्राएं स्वयं को सुरक्षित, सहज और प्रेरित महसूस करें। जिलाधिकारी ने नामांकन के अनुरूप छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार किया जाए और प्रत्येक छात्रा के शैक्षणिक विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए।
निरीक्षण के दौरान वार्डन पुष्पलता सिंह, अध्यापिका शिल्पा कुशवाहा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। जिलाधिकारी ने सभी को शासन की मंशा के अनुरूप छात्राओं को बेहतर शिक्षा एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक