जौनपुर जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्र का किया औचक निरीक्षण
जौनपुर, 24 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने मंगलवार को फतेहगंज स्थित पंचशील इंटर कॉलेज में बनाए गए परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों का जायजा लेते हुए सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता, परीक्षार्थियों की बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा तथा केंद्र पर तैनात कार्मिकों की उपस्थिति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापक से परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा पूरी तरह नकल विहीन और पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराई जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या नकल की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव