डीएम ने श्री गुलाब सिंह चिकित्सालय का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर करने के दिए निर्देश

 


औरैया, 24 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने बुधवार को आयुष्मान योजना के अंतर्गत कार्ड धारकों को मुफ्त चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने हेतु चयनित श्री गुलाब सिंह चिकित्सालय, फफूंद रोड औरैया का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, उपचार व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आयुष्मान कार्ड धारक बिरूला देवी, भरसेन निवासी मुन्नू लाल तथा रानी से बातचीत कर अस्पताल में मिल रही सुविधाओं, उपचार व्यवस्था और उनकी बीमारी के संबंध में जानकारी प्राप्त की। मरीजों से संवाद कर उन्होंने व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया।

चिकित्सालय संचालक रंजीत प्रताप सिंह ने जिलाधिकारी को बताया कि अस्पताल आयुष्मान कार्ड धारकों के उपचार हेतु चिन्हित है तथा इसकी क्षमता 100 शैय्या की है। जिलाधिकारी ने अस्पताल में एमआरआई, एक्सरे, अल्ट्रासाउंड और पैथोलॉजी सुविधाओं के संचालन के बारे में जानकारी ली।

इस पर संचालक ने बताया कि पूर्व में पैथोलॉजी संचालित थी, लेकिन वर्तमान में योग्य एवं अनुभवी कर्मचारियों की उपलब्धता न होने के कारण यह व्यवस्था बंद है।

जिस पर जिलाधिकारी ने निर्देश देते हुए कहा कि अस्पताल में इन सुविधाओं का संचालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने योग्य एवं अनुभवी कार्मिकों की नियुक्ति कर आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में आपातकालीन व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त निकास द्वार, अग्निशमन यंत्र एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही समय-समय पर उपकरणों की क्रियाशीलता और वैधता की जांच कराने के भी निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी सुरेन्द्र कुमार, मुख्य अग्निशमन अधिकारी तेजवीर सिंह, चिकित्सालय के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार