देवा मेला-2026 की तैयारियों को लेकर डीएम ने की बैठक, सुरक्षा और स्वच्छता पर जोर,
बाराबंकी , 13 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी में ऐतिहासिक देवा मेला-2026 के भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में 27 अक्टूबर से शुरू होने वाले मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मेलार्थियों की सुरक्षा, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति, यातायात व्यवस्था और आवश्यक सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि देवा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं मेलार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए प्रभावी नवाचार अपनाए जाएं और सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मेले को भव्य स्वरूप प्रदान करें। उन्होंने निर्देश दिए कि मेले से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी कर ली जाएं, ताकि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
पशु बाजार की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए डीएम ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को मेले में आने वाले पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मेले के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने तथा विभिन्न खेल आयोजनों की तैयारियां समय से पूरी करने को कहा।
मेले में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने नगर निकाय के अधिकारियों को पूरे मेला परिसर में शिफ्टवार सफाईकर्मियों की तैनाती करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए और श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए। दुकानों के आवंटन के संबंध में डीएम ने मेला समिति को निर्देशित किया कि दुकानदारों को निर्धारित स्थलों का आवंटन समय से सुनिश्चित किया जाए। कोई भी दुकान सड़क पर नहीं लगनी चाहिए, जिससे आवागमन बाधित न हो और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें और आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए देवा मेला-2026 को सुरक्षित, स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं भव्य बनाना सुनिश्चित करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पंकज वर्मा, अपर जिलाधिकारी एवं देवा मेला समिति के सचिव निरंकार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजन गौतम, मेला समिति के अन्य सदस्य तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी