सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनीं 180 शिकायतें, 6 का मौके पर निस्तारण
जौनपुर,18 जुलाई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में तहसील मड़ियाहूँ सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह की उपस्थिति में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में भूमि विवाद, पैमाइश, अतिक्रमण, राजस्व तथा अन्य विभागों से संबंधित कुल 180 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 6 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। ग्राम चतुर्भुजपुर निवासी जगरनाथ ने पथरगड्डी (मेड़बंदी) कराए जाने तथा ग्राम जैयरामपुर, गोपालापुर निवासी राजमन ने राजस्व निरीक्षक स्तर से पथरगड्डी न किए जाने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने दोनों मामलों में नायब तहसीलदार मड़ियाहूँ और थाना प्रभारी की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, ग्राम सुरेरी निवासी मकरन्द कुमार द्वारा भूमि की पैमाइश कराने संबंधी प्रार्थना पत्र पर भी नायब तहसीलदार को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के आदेश दिए गए।
जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों से कहा कि भूमि विवादों में संयुक्त रूप से मौके पर जाकर जांच करें और प्राथमिकता के आधार पर उनका निस्तारण करें। उन्होंने आईजीआरएस एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान, न्यायालयों के आदेशों के समयबद्ध अनुपालन तथा लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर दिया। पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने भी पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, परियोजना निदेशक के.के. पांडेय, उपजिलाधिकारी मड़ियाहूँ, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव