मुरादाबाद के जिलाधिकारी ने दरांती से काटी गेहूं की फसल

 


मुरादाबाद, 10 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद के जिलाधिकारी अनुज सिंह ने एसडीएम सदर राममोहन मीना के साथ शुक्रवार को तहसील सदर के राजस्व ग्राम मनोहरपुर क्षेत्र में किसान विजय सिंह के खेत में क्रॉप कटिंग (फसल कटाई प्रयोग) के लिए पहुंचे। इस दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं हाथों में दरांती थामी और गेहूं की फसल काटी।

जिलाधिकारी अनुज सिंह ने किसान से उत्पादन लागत और सिंचाई के साधन सहित अन्य कृषि कार्यों के बारे में जानकारी ली। राजस्व परिषद द्वारा फसल उत्पादकता आकलन के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत इस बार तहसील सदर में ग्राम मनोहरपुर के किसान का खेत चिन्हित किया गया था। निर्धारित रकबे में गेहूं कटाई कराकर मानकों का पालन करते हुए फसल उत्पादन का आकलन कराया। इस दौरान राजस्व विभाग के कर्मचारी गण भी मौजूद रहे।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल