औचक निरीक्षण के दौरान छात्राओं संग बैठकर डीएम ने किया भोजन

 








अमेठी, 29 सितंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने मंगलवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय आश्रम पद्धति इंटर कॉलेज असैदापुर का स्थलीय निरीक्षण कर विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने मेस, छात्रावास, कक्षाओं, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और मरम्मत कार्यों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं प्रधानाचार्या को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सबसे पहले मेस पहुंचकर छात्राओं को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता और मेन्यू की जानकारी ली। इसके बाद वह छात्राओं के साथ बैठकर भोजन करने लगे। डीएम ने भोजन की गुणवत्ता परखते हुए निर्देश दिया कि छात्राओं को निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। मेस और परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर रखने पर भी उन्होंने जोर दिया।

इसके बाद जिलाधिकारी ने छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां साफ-सफाई, पेयजल, बिजली समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी। प्रधानाचार्या गीता वर्मा ने छात्रावास में कुछ तख्तों की कमी की जानकारी दी, जिस पर डीएम ने विद्यालय अथवा उपलब्ध अन्य फंड से आवश्यक तख्तों की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए।

कक्षाओं में पहुंचकर जिलाधिकारी ने छात्राओं से उनकी पढ़ाई के संबंध में बातचीत की और शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षकों की उपस्थिति पंजिका का भी अवलोकन किया तथा सभी शिक्षकों को समय से विद्यालय पहुंचकर शिक्षण कार्य करने के लिए निर्देशित किया। विद्यालय में चल रहे मरम्मत कार्यों का निरीक्षण कर उन्होंने कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा कराने को कहा। साथ ही परिसर में उगी बड़ी घास को तत्काल कटवाकर साफ-सफाई और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी