गौशाला निरीक्षण में जिलाधिकारी को मिली खामियां, बीडीओ-सचिव नोटिस जारी

 


फतेहपुर, 30 अप्रैल(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में गुरुवार को रारा गौशाला का जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान गौशाला में साफ-सफाई मानक के अनुरूप न पाए जाने पर व गौवंशों को समय से भूसा व हरा चारा उपलब्ध कराने में लापरवाही बरतने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की और खंड विकास अधिकारी व सचिव का स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बीडीओ से गौशाला में गौवंशों की संख्या की जानकारी ली। इस पर बीडीओ ने बताया कि गौशाला में कुल 450 गौवंश हैं, सफाई कर्मचारी और केयरटेकर सहित कुल 13 कर्मचारी गौशाला में कार्यरत हैं।

उन्होंने हरे चारे और नेपियर घास की उपलब्धता की जानकारी ली। इस पर बताया गया कि कुल 14 बीघे में हरे चारे एवं 2 बीघे में नेपियर घास की बुआई की गई है। उन्होंने वेटनरी डॉक्टर से उनके कार्य के बारे में जानकारी ली एवं निर्देशि देते हुए कहा कि पूरी संवेदनशीलता के साथ अपना कार्य करें और समय समय पर टीकाकरण और अन्य कार्य करते रहें। कैमरे ऐसी जगह लगवाएं जहां से पूरी गौशाला का कवरेज भी हो जाए और सुरक्षा के मद्देनजर कैमरे का स्थान सुरक्षित हो।

उन्होंने पंचायत सचिव से गौवंशों को दिए जाने वाले पशुआहार और प्रतिदिन हरे चारे की खपत की जानकारी ली और निर्देश दिया कि यदि सही पशुआहार न मिलने से किसी गौवंश को समस्या हुई तो इसकी जिम्मेदारी पंचायत सचिव की होगी। उन्होंने गौशाला के गौवंश रजिस्टर, हरा चारा रजिस्टर, स्टॉक रजिस्टर,भ्रमण-निरीक्षण रजिस्टर को देखा और गुणात्मक सुधार लाने के निर्देश दिए तथा गौशाला में पर्याप्त मात्रा में बर्मी कंपोस्ट किट बनवाने के लिए निर्देश दिया जिससे ज्यादा से ज्यादा कम्पोस्ट खाद तैयार हो सके।

डीएम ने कहा कि गौवंशों को श्रेणीवार अलग चिन्हित कर लें फिर उनको चारा दें जिससे सबको पर्याप्त मात्रा में चारा मिल सके और सभी पशु स्वस्थ रहें। उन्होंने दान के भूसे को सुरक्षित स्थान पर रखने के लिए निर्देश दिया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना सहित संबंधित उपस्थित रहे।------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार