दुर्गा पूजा को लेकर जौनपुर में अलर्ट, जिलाधिकारी ने दिए सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश
जौनपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में दुर्गा पूजा और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरा करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और पैचिंग का काम प्राथमिकता से पूरा कराने को कहा। जल निगम को खुले सीवर और मैनहोल को तत्काल ढकने तथा विद्युत विभाग को जर्जर तारों और खंभों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। नगर पालिका को जलभराव की समस्या दूर करने के साथ प्रमुख मार्गों, पूजा पंडालों और विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश एवं सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
डीएम ने दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन मार्गों और स्थलों की तैयारियां पहले से पूरी कराने तथा त्योहारों के दौरान आवश्यक स्थानों पर मोबाइल शौचालय की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी दुर्घटना की स्थिति में संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने सड़क, बिजली, सफाई, कूड़ा उठान, यातायात और सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
सदस्यों ने सोशल मीडिया पर एआई के माध्यम से तैयार किए गए भ्रामक वीडियो प्रसारित किए जाने की जानकारी भी दी। इस पर जिलाधिकारी ने ऐसे मामलों की सतत निगरानी, वीडियो की तथ्यात्मक जांच और भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए।
पूजा समितियों को पंडालों में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग एवं पर्याप्त व्यवस्था रखने, सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने तथा पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती करने को कहा गया। हाईटेंशन तारों के नीचे पंडाल नहीं लगाने और पंडालों में अग्निशमन यंत्र उपलब्ध रखने के साथ विद्युत सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट, संबंधित विभागों के अधिकारी, पूजा समितियों के पदाधिकारी और शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव