गोरखपुर में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, जगह-जगह पेड़ गिरे
गोरखपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। तीन दिनों से लगातार रुक-रुक कर हो रही बरसात से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया। शनिवार को दोपहर बाद शुरू हुई तेज बारिश देर तक जारी रही। इस साल अब तक की सबसे तेज बारिश के रूप में देखी जा रही। बारिश और तेज हवाओं के बीच कई स्थानों पर पेड़ गिरने की सूचनाएं सामने आईं, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ, वहीं कई जगह संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचा।
बारिश के दौरान धर्मशाला क्षेत्र में पेड़ गिरने से तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन और तहसील स्तर के अधिकारी राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। शहर के वार्ड नंबर 48 के धर्मशाला स्थित जटेपुर दक्षिणी काली मंदिर गली में शनिवार को तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश के बीच करीब 80 वर्ष पुराना पाकड़ का पेड़ अचानक भरभराकर एक टीन शेड के मकान पर गिर गया। पेड़ इतनी तेजी से मकान पर गिरा कि आसपास मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे के समय मकान के अंदर करीब पांच से सात लोग मौजूद थे। पेड़ गिरने की तेज आवाज से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
पेड़ के मकान पर गिरने से भवन का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पेड़ और मलबे के नीचे फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए लोगों ने काफी मशक्कत की। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज किया गया एक महिला का इलाज चल रहा है दो को इलाज कर धर भेज दिया गया
हादसे के बाद आसपास के इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। लगातार हो रही बारिश के कारण राहत कार्य में भी दिक्कतें सामने आईं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद तहसील सदर से नायब तहसीलदार मौके की स्थिति का जायजा लेकर पेड़ को हटाने तथा आवागमन सुचारू कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कराई।
घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी दीपक मीणा भी घायलों का हाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचे। उन्होंने सदर अस्पताल में भर्ती सभी घायलों से मुलाकात की और उनसे बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। डीएम ने चिकित्सकों से भी घायलों के उपचार के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उधर, मूसलाधार बारिश के बीच शहर के कई हिस्सों में जलभराव और पेड़ गिरने की स्थिति सामने आई। पुर्दिलपुर काली मंदिर गली में भी पेड़ गिरने से टिन शेड क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली। तेज बारिश और हवा के कारण कई स्थानों पर पेड़ों की डालियां टूटकर सड़क पर गिर गईं। इससे कुछ मार्गों पर आवागमन प्रभावित हुआ। बारिश की तीव्रता को देखते हुए लोगों को अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचने की सलाह भी दी गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय