डीएम ने कल्याण मंडप भवन निर्माण का निरीक्षण कर गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर

 




देवरिया, 17 जुलाई (हि.स.)। देवरिया जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शुक्रवार को नगर के भुजौली कॉलोनी स्थित निर्माणाधीन कल्याण मंडप भवन परियोजना का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर लापरवाही या मानकों से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि कार्य की गुणवत्ता ऐसी हो कि भविष्य में किसी प्रकार की शिकायत की गुंजाइश न रहे।

डीएम ने बताया कि करीब 5 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस कल्याण मंडप भवन का निर्माण कार्य अप्रैल 2025 में शुरू हुआ था और इसे अगले माह अगस्त तक पूरा किया जाना निर्धारित है। निरीक्षण के दौरान उन्हें बताया गया कि परियोजना का लगभग 85 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य में तेजी लाने और हर हाल में निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण के दौरान सभी तकनीकी मानकों और गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक