जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने किया बाराबंकी जिला जेल का निरीक्षण

 


बाराबंकी 30 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने गुरुवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा सभी सीसीटीवी कैमरों को हर समय सुचारु रूप से संचालित रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत कारागार के मुख्य द्वार से हुई, जहां डीएम और एसपी ने सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की तथा तैनात सुरक्षा कर्मियों से आवश्यक जानकारी ली। इसके बाद दोनों अधिकारी जेल के भीतरी परिसर में पहुंचे और बैरकों, स्वच्छता व्यवस्था तथा अनुशासन का निरीक्षण किया। कंट्रोल रूम में पहुंचकर उन्होंने सीसीटीवी निगरानी प्रणाली का गहन निरीक्षण किया और कहा कि किसी भी कैमरे में तकनीकी खराबी होने पर उसे तत्काल ठीक कराया जाए, ताकि जेल परिसर की चौबीसों घंटे प्रभावी निगरानी बनी रहे।

अधिकारियों ने महिला और पुरुष बैरकों का निरीक्षण कर बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की भी जांच की। उन्होंने प्रकाश व्यवस्था, शौचालयों की साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता, पेयजल तथा स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया और निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप नियमित रूप से संचालित हों।

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों ने कहा कि कारागार में सुरक्षा, अनुशासन और स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा बंदियों के अधिकारों और सुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा जाए।

इस अवसर पर जेल अधीक्षक कुंदन कुमार, जेलर जितेंद्र सिंह सहित कारागार के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी