देवरिया : अधिकारियों को जलभराव की समस्या पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
देवरिया, 30 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में बरसात के मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने जनपद के सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को जलभराव और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश मंगलवार को दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करें और जहां भी जलभराव या जल निकासी की समस्या मिले, उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून के दौरान जलभराव की स्थिति आमजन के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनती है। ऐसे में सभी संबंधित अधिकारी पूरी सतर्कता के साथ कार्य करें तथा नालों और जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखें, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने जनसुविधाओं और जनशिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि किसी क्षेत्र में जलभराव की समस्या बनी रहती है या शिकायतों के निस्तारण में उदासीनता बरती जाती है, तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से अपने क्षेत्रों का निरीक्षण करें, जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा करें और स्थानीय स्तर पर प्राप्त शिकायतों का तत्काल समाधान कराएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आमजन को राहत पहुंचाना है और इसके लिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक