देवरिया : ट्रॉमा सेंटर निर्माण में लापरवाही पर जिलाधिकारी सख्त, कार्यदायी संस्था के खिलाफ एफआईआर के निर्देश
देवरिया, 20 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सोमवार को अपने कार्यालय में मेडिकल कॉलेज परिसर में निर्माणाधीन ट्रॉमा सेंटर परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान निर्माण कार्य की गति बेहद धीमी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि ट्रॉमा सेंटर का निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा कर उसे मेडिकल कॉलेज प्रशासन को सौंपने के निर्देश पहले भी दिए जा चुके हैं, लेकिन कार्यदायी संस्था ने अपेक्षित प्रगति नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी इस महत्वपूर्ण परियोजना में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा न होने पर जिलाधिकारी ने प्राचार्य मेडिकल कॉलेज को कार्यदायी संस्था के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और संस्थाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. एच.के. मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश के अनुपालन में कार्यदायी संस्था के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बैठक में मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रजनी पटेल, सीएमएस डॉ. एच.के. मिश्रा तथा उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण निगम के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा कराने के निर्देश भी दिए।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक