मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने मुरादाबाद–रुड़की एवं रुड़की–देवबंद रेलखंड का किया गहन निरीक्षण

 




मुरादाबाद, 26 मई (हि.स.)। मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने मुरादाबाद–रुड़की एवं रुड़की–देवबंद रेलखंड का गहन निरीक्षण किया एवं झबरेड़ा, बन्हेड़ा खास एवं रुड़की स्टेशन पर यात्री सुविधाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा की गयी।

मंडल रेल प्रबंधक मुरादाबाद विनीता श्रीवास्तव द्वारा मंगलवार काे मंडल के मुरादाबाद–रुड़की एवं रुड़की–देवबंद रेलखंड का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रेल परिचालन, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा विकास कार्यों की गहन समीक्षा की गई।

मंडल रेल प्रबंधक ने मुरादाबाद–रुड़की रेलखंड के विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया, जिसमें रेलखंड पर उपलब्ध संरचनाओं, ट्रैक की स्थिति तथा संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। इसके उपरांत मंडल रेल प्रबंधक ने झबरेड़ा स्टेशन का निरीक्षण किया, जहाँ प्लेटफॉर्म, स्टेशन मास्टर कार्यालय, रिले रूम, एमआई रूम, डाटा लॉगर रूम तथा सर्कुलेटिंग एरिया का गहन निरीक्षण करते हुए उपलब्ध यात्री सुविधाओं को परखा तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बान्हेडा खास स्टेशन पर निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर,प्लेटफॉर्म, स्टेशन मास्टर कार्यालय, रिले रूम, एमआई रूम, डाटा लॉगर रूम एवं सर्कुलेटिंग एरिया की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। बान्हेडा खास रेलवे कॉलोनी में कर्मचारियों के रेलवे आवासों का निरीक्षण करते हुए मंडल रेल प्रबंधक ने जल एवं विद्युत आपूर्ति व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए।

इसके पश्चात रुड़की–देवबंद रेलखंड का निरीक्षण किया गया, जिसमें संरक्षा एवं परिचालन संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया।

निरीक्षण के अंतिम चरण में मंडल रेल प्रबंधक द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत रुड़की स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास एवं पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, लिफ्ट, स्टेशन मास्टर कार्यालय सहित विभिन्न यात्री सुविधाओं एवं निर्माण कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया गया तथा कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता एवं समयसीमा के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक (ओपी) पारितोष गौतम, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (सामान्य) चेतन तनेजा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (सामान्य) जन्मजेय उपाध्याय, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) अक्षय कुमार सहित मंडल के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल