मंडल रेल प्रबंधक आगरा ने पहली बार दिव्यांग रेल कर्मचारियों को वितरित की होण्डा की स्कूटी

 




रेल कर्मचारियों के कल्याण के लिए सदैव तत्पर है : मंडल रेल प्रबंधक

आगरा, 28 अगस्त(हि.स.)। मंडल रेल प्रबंधक आगरा तेज प्रकाश अग्रवाल के मार्गदर्शन में उत्तर मध्य रेलवे में पहली बार आगरा मंडल में कर्मचारी कल्याण हित-निधि समिति द्वारा गोवर्धन स्टेडियम आगरा कैंट पर दिव्यांग रेल कर्मचारियों के लिए स्कूटी वितरित कार्यक्रम आयोजित किया गया।

दिव्यांग स्कूटी योजना के तहत कर्मचारी कल्याण हित-निधि समिति की तरफ से 25 रेल कर्मचारियों को स्कूटी वितरित की गई है, इसमें 50 प्रतिशत कंट्रीब्यूशन कर्मचारी से व 50 प्रतिशत कंट्रीब्यूशन एसबीएफ रेलवे से दिया गया है।

डीआरएम तेज प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि आगरा रेल मंडल दिव्यांग रेल कर्मचारियों के कल्याण के लिए सदैव तत्पर है एवं हर सुविधा का हर स्तर पर उनका ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिव्यांग रेल कर्मचारियों को स्कूटी मिलने से उनको कार्य व यातायात सुगम की सुविधा मिलेगी। इससे पहले भी कर्मचारी कल्याण योजना के माध्यम से हवाई यात्रा के माध्यम से केरल में एक शिविर का आयोजन किया था।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक आगरा तेज प्रकाश अग्रवाल के साथ अपर मंडल रेल प्रबंधक इंफ्रा आगरा प्रनव कुमार,कर्मचारी कल्याण हित-निधि समिति के अध्यक्ष व वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सनत जैन, अन्य शाखा अधिकारी, कर्मचारी, यूनियन- एसाेसियेशन के पदाधिकारी, मीडिया के बन्धु एवम रेलवे कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार