मंडलीय पुरुष चिकित्सालय : नेत्र परीक्षण अधिकारी के निलबंन में साजिश का अंदेशा !

 


सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो ने दलालों में मचाया हड़कम्प

झांसी, 06 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में बीते रोज मंडलीय पुरुष चिकित्सालय में जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण के दौरान एक मरीज की शिकायत पर बाहर से दवाइयां लिखने के चलते नेत्र परीक्षण अधिकारी डॉ. आदित्य साहू को निलंबित कर दिया गया था। इस मामले में सोशल मीडिया पर आज एक ऑडियो वायरल होने के बाद नया मोड़ आ गया है। ऑडियो में हो रही बातचीत से ऐसा प्रतीत हो रहा है जैसे पूरा मामला षड्यंत्र के तहत कराया गया है। हालांकि इस मामले में चिकित्सालय अधीक्षक ने अनभिज्ञता जाहिर की है।

सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो में कुछ लोग गाली- गलौज के साथ बात करते हुए खुश सुनाई दे रहे हैं। आपसी बातचीत में कहते नजर आ रहे हैं कि बैंड बजा दी गई है। अब पर्चों का ढेर लगा रहेगा। इसी बीच कोई एक व्यक्ति यह कहता नजर आ रहा है कि 07 दिन तक कोई भी दिखेगा तो एफआईआर करवा दी जाएगी। यही नहीं कुछ लोग लड़के-लड़कियों को अंदर आने से मना करने की बात कर रहे हैं। कुल मिलाकर पूरी वार्ता दलालों की प्रतीत हो रही है। ऐसा लग रहा है जैसे पूरा हॉस्पिटल अधिकारियों की नहीं बल्कि इन दलालों के इशारे पर चलता हो।

गौरतलब है कि नवांगन्तुक जिलाधिकारी ने बीते रोज मंडलीय पुरुष चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान एक मरीज की शिकायत पर नेत्र परीक्षण अधिकारी डॉ. आदित्य साहू को निलंबित करने के आदेश दिए थे।

इनका है कहना

इस संबंध में जब मंडलीय पुरुष चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. आरके सक्सेना से जानकारी चाही तो उन्होंने ऑडियो टेप के मामले में अनभिज्ञता जाहिर करते हुए कहा कि यदि ऐसा कुछ है तो मामले में जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया