अस्पताल में मूलभूत सुविधाओं की कोई कमी नहीं होनी चाहिए: मंडालायुक्त
हाथरस, 03 अक्टूबर (हि.स.)। अलीगढ़ मंडल के मंडलायुक्त ओपी आर्य शनिवार को जनपद में आए थे। यहां पर उनका स्वागत जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने किया था। इसके बाद मंडलायुक्त ने बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी। इसके बाद तहसील दिवस में पहुंचे और वहां से शाम काे अलीगढ़ के लिए रवाना हाे गये।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पर्चा काउंटर पर प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या के बारे में जानकारी ली। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि अस्पताल में प्रतिदिन करीब 1200 से अधिक मरीज उपचार के लिए आते हैं। इसके बाद मंडलायुक्त ने बाल रोग, दंत विभाग, हड्डी रोग, जनरल फिजिशियन, अल्ट्रासाउंड, डिजिटल एक्स-रे, ईसीजी और सिटी स्कैन कक्षों का निरीक्षण कर चिकित्सकों से सुविधाओं की जानकारी ली।
उन्होंने गंभीर एवं लंबे समय तक उपचार लेने वाले मरीजों के लिए ई-सुश्रुत प्रक्रिया को प्राथमिकता से लागू करने के निर्देश दिए। दंत विभाग में मरीजों की प्रतीक्षा कम करने के लिए अतिरिक्त यूनिट तैयार करने को कहा। दवा वितरण कक्ष में दवाओं की उपलब्धता और एक्सपायरी डेट की जांच करते हुए आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए।
महिला अस्पताल में मंडलायुक्त ने सिक न्यू बोर्न केयर यूनिट, जनरल वार्ड और आपातकालीन कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं का हाल जाना और उन्हें फल वितरित किए।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में दवा, जांच, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। खराब उपकरणों को तत्काल ठीक कराने तथा मरीजों की देखभाल में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना