मंडलायुक्त एवं जिलाधिकारी ने किया प्रस्तावित रेल ऊपरगामीपुल निर्माण स्थल का निरीक्षण, दिए निर्देश
गोरखपुर, 27 मई (हि.स.)। मण्डलायुक्त अनिल ढींगरा एवं जिलाधिकारी दीपक मीणा द्वारा गोरखपुर- आनन्दनगर रेल खण्ड के मानीराम-पीपीगंज रेलवे स्टेशनों के मध्य किमी० 21/7-6 पर सम्पार संख्या 14सी पर प्रस्तावित रेल उपरिगामी सेतु के निर्माण स्थल का निरीक्षण किया गया। कार्यदायी संस्था सेतु निर्माण इकाई, गोरखपुर को मण्डलायुक्त द्वारा निर्देशित किया गया कि बढ़या एवं सहजनवां की तरफ से आने- जाने वाले वाहनों को सेतु पर चढ़ने-उतरने में कोई कठिनाई न हो, जिसके लिये रोटरी बनाया जाय।
राष्ट्रीय राजमार्ग-29 गोरखपुर-सोनौली मार्ग की तरफ सेतु को मिलाया जाना है, इस सम्बन्ध में निर्देशित किया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग एवं सेतु के पहुँच मार्ग का मिलान सुरक्षात्मक तरीके से दुर्घटना रहित रोटरी/मेटल क्रैश बेरियर का प्रयोग कर कराया जाय। मौके पर उपस्थित उप जिलाधिकारी कैम्पियरगंज को निर्देशित किया गया कि संरेखण के अनुसार प्रभावित निजी भूमि व भवनों के क्षेत्रफल व उपलब्ध सरकारी भूमि को शीघ्रातिशीघ्र चिन्हांकन, मापन एवं मूल्यांकन सुनिश्चित करायें।
इसके पश्चात जनपद गोरखपुर के पिपराईच-हाटा मार्ग पर स्थित क्रासिंग संख्या-6सी पर 04 लेन रेल उपरिगामी सेतु का निर्माण किये जाने हेतु निर्माण स्थल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रेलवे के ए0ई0एन0 पूर्वाेत्तर रेलवे , महा प्रबन्धक (गो0) एवं परियोजना प्रबन्धक, उ0 प्र0 राज्य सेतु निगम, गोरखपुर एवं अन्य अभियन्ता उपस्थित थें।
मण्डलायुक्त द्वारा निर्देशित किया गया कि सेतु के निर्माण में स्थानीय निवासीयों के मकान/व्यवसायिक प्रतिष्ठान कम से कम प्रभावित हो। परियोजना प्रबन्धक को निर्देश दिया गया कि हाटा कुशीनगर एवं सोनबरसा की तरफ से आने-जाने वाले वाहनों को सेतु पर चढ़ने-उतरने में कोई कठिनाई न हो जिसके लिए रोटरी बनायी जाये। सेतु का गोरखपुर साईड का भाग इस प्रकार निर्मित किया जाये कि पिपराईच बाजार के तरफ से आने-जाने वाले वाहनों को पर्याप्त सर्विस रोड उपलब्ध रहे एवं उक्त मार्ग के सभी वाहन रेल उपरिगामी सेतु का समुचित उपयोग कर सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय