फर्रुखाबाद: मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने कलेक्ट्रेट में परखी प्रशासनिक व्यवस्था

 


फर्रुखाबाद,26 नवंबर (हि.स.)। कलेक्ट्रेट की कार्य प्रणाली को पारदर्शी, जवाबदेह और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार को कानपुर मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने फतेहगढ़ स्थित कलेक्ट्रेट का सघन निरीक्षण किया। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के साथ उन्होंने राजस्व विभाग के विभिन्न अनुभागों में पहुंचकर कामकाज की हकीकत परखी। ई-गवर्नेंस सेल, आयुध अनुभाग, संग्रह अनुभाग, संयुक्त कार्यालय, निर्वाचन कार्यालय और राजस्व अभिलेखागार का निरीक्षण करते हुए अभिलेखों, पत्रावलियों और पंजिकाओं की स्थिति देखी।

मंडलायुक्त ने पटल सहायकों से कार्यों की जानकारी लेकर स्पष्ट निर्देश दिए कि शासकीय कामकाज में लापरवाही की कोई गुंजाइश न रहे और लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने प्रत्येक अनुभाग में उपलब्ध अभिलेखों और महत्वपूर्ण दस्तावेजों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने पत्रावलियों के रखरखाव, पंजिकाओं के अद्यतन होने और कार्यों के निष्पादन की स्थिति की जानकारी ली। संबंधित पटल सहायकों से पूछा कि उनके अनुभाग में किस तरह के कार्य संपादित किए जा रहे हैं और लंबित मामलों के निस्तारण की क्या स्थिति है।

उन्होंने निर्देशित किया कि सभी कर्मचारी अपने दायित्वों को गंभीरता से निभाएं और अभिलेखों को इस तरह व्यवस्थित रखें कि जरूरत पड़ने पर कोई भी महत्वपूर्ण दस्तावेज तत्काल उपलब्ध हो सके। लंबित मामलों पर नियमित नजर रखने के निर्देश मंडलायुक्त ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में पारदर्शिता और जवाबदेही तभी प्रभावी होगी, जब प्रत्येक कार्य निर्धारित प्रक्रिया और समयसीमा के अनुरूप पूरा किया जाए। पटल सहायकों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों की नियमित निगरानी करें और अनावश्यक रूप से किसी भी पत्रावली को रोके न रखें। अभिलेखों को अद्यतन रखने के साथ कार्यालयों की कार्यप्रणाली को अधिक सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाया जाए।

उन्होंने ई-गवर्नेंस से जुड़े कार्यों को भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत समयबद्ध ढंग से संपादित करने पर जोर दिया। निर्वाचन और राजस्व अभिलेखागार की व्यवस्था भी जांची निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध अभिलेखों और राजस्व अभिलेखागार के रखरखाव का भी जायजा लिया। उन्होंने महत्वपूर्ण दस्तावेजों की सुरक्षा और व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा कि अभिलेखों की उपलब्धता और उनकी सुरक्षित व्यवस्था प्रशासनिक कामकाज का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसलिए इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की मौजूदगी में हुए इस निरीक्षण में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर