भाजपा मंत्रियों व विधायकों के भ्रष्टाचार से जिले की कानून व्यवस्था बेपटरी: रवि प्रकाश वर्मा
लखीमपुर खीरी, 29 मई (हि.स.)। जिला कांग्रेस कार्यालय पर शुक्रवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेश की भाजपा सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर भ्रष्टाचार व कानून व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला। प्रेस वार्ता को मुख्य रूप से पूर्व सांसद श्री रवि प्रकाश वर्मा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रहलाद पटेल और जिला प्रवक्ता अमित गुप्ता ने संबोधित किया। नेताओं ने आरोप लगाया कि लखीमपुर खीरी सहित पूरे प्रदेश में विकास कार्य ठप हैं और सत्ताधारी दल के नेता अवैध वसूली व जमीनों के धंधे में लिप्त हैं, जिससे प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह से ध्वस्त हो चुका है।
मीडिया कर्मियों से वार्ता करते हुए पूर्व सांसद रवि प्रकाश वर्मा ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब पूरी तरह से नियंत्रण से बाहर हो चुका है। यहां का शासन और प्रशासन एक संगठित अपराधी की तरह आचरण कर रहा है।
उन्होंने स्थानीय मुद्दों को उठाते हुए कहा कि चंदन चौकी क्षेत्र में पॉक्सो एक्ट के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होना, बांकेगंज में हुआ उपद्रव और लखीमपुर खीरी जिले में विधायकों द्वारा खुद चलाए जा रहे ब्याज वसूली के धंधे से उपजी कानून व्यवस्था की समस्या इन सभी की जड़ में भाजपा के मंत्रियों और विधायकों का भ्रष्टाचार है। कांग्रेस मांग करती है कि इस सिंडिकेट की उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषियों को कड़ी सजा दी जाए। प्रेस वार्ता को आगे बढ़ाते हुए जिलाध्यक्ष प्रहलाद पटेल ने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ की जा रही कार्रवाई पर भाजपा को आड़े हाथों लिया।
उन्होंने कहा कि महोबा में एक मासूम बालिका के साथ 16 दिनों तक हुए संगीन अपराध को लेकर जब हमारे प्रदेश अध्यक्ष अजय राय जी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की, तो भाजपा सरकार दमनकारी नीति पर उतर आई और अब अजय राय जी की आय और संपत्ति की जांच की मांग की जा रही है। पटेल ने पलटवार करते हुए कहा कि अगर सरकार में हिम्मत है तो अपने मंत्रियों और विधायकों की संपत्तियों की जांच कराए। जनता जानना चाहती है कि जिले में हो रहे अवैध खनन, तालाबों को पाटकर की जा रही अवैध प्लॉटिंग और गंभीर अपराधों पर बरती जा रही उदासीनता का असली लाभार्थी कौन है?
इसी क्रम में जिला प्रवक्ता अमित गुप्ता ने केंद्र और राज्य सरकार पर चौतरफा हमला बोलते हुए कहा कि चाहे पीएम केयर्स फंड हो, इलेक्टोरल बॉन्ड का मुद्दा हो या फिर पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने का खेल, भाजपा सरकार का भ्रष्टाचार आज देश को दीमक की तरह अंदर से खोखला कर रहा है। इस दौरान कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से मोहन चंद्र उप्रेती, अब्दुल रहीम, प्रेम वर्मा, रामपाल शाक्य, सुभाष वर्मा और नारायण लाल वर्मा सहित भारी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव