घाटमपुर सीएचसी में स्वास्थ्य सेवाओं का जिलाधिकारी ने लिया जायजा
कानपुर, 03 जून (हि.स.)। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) घाटमपुर का औचक दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी, प्रयोगशाला, एक्स-रे यूनिट, दंत चिकित्सा कक्ष, टीकाकरण कक्ष और आपातकालीन सेवाओं का निरीक्षण किया। साथ ही मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
इस दौरान अस्पताल में 245 नए मरीजों का पंजीकरण हो चुका था, जबकि 96 पुराने मरीज परामर्श के लिए पहुंचे थे। प्रयोगशाला में 32 लोगों की जांच की गई थी, जिनमें 11 गर्भवती महिलाएं शामिल थीं। जिलाधिकारी ने मरीजों से दवाओं की उपलब्धता, जांच सुविधाओं, चिकित्सकों की उपस्थिति और उपचार व्यवस्था के बारे में जानकारी प्राप्त की। मरीजों ने अस्पताल में मिल रही सुविधाओं पर संतोष जताया।
एमओआईसी डॉ. पवन सचान ने अस्पताल की कार्यप्रणाली और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने एक्स-रे, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव और सी-सेक्शन की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की भी जानकारी ली गई।
क्षय रोग (टीबी) जांच व्यवस्था की समीक्षा के दौरान चिकित्सकों ने बताया कि अस्पताल में प्रतिदिन औसतन 15 से 16 लोगों की टीबी जांच की जाती है। दंत चिकित्सा कक्ष में उपलब्ध उपकरणों और मरीजों को दी जा रही सेवाओं का भी जायजा लिया गया।
आपातकालीन कक्ष के निरीक्षण के दौरान मेडिकल ऑफिसर डॉ. अनिल ने उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और उपचार व्यवस्थाओं की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रशासन को प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप