लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण करें अधिकारी: जिलाधिकारी
देवरिया, 18 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शनिवार को सलेमपुर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचकर तहसीलदार न्यायालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुराने लंबित राजस्व वादों की पत्रावलियों का अवलोकन किया और उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तहसीलदार अलका सिंह को निर्देशित किया कि लंबे समय से लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने न्यायालय की पत्रावलियों के सुव्यवस्थित रखरखाव तथा सभी अभिलेखों और कार्यवाही का नियमित व अद्यतन अंकन करने पर विशेष जोर दिया।
डीएम ने तहसील परिसर और कार्यालय की साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि न्यायालय और कार्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखना प्रशासनिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कहा कि फरियादियों को समयबद्ध, निष्पक्ष और पारदर्शी न्याय दिलाना सभी पीठासीन अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि न्यायालय में आने वाले प्रत्येक प्रकरण का शासन की मंशा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक